ग्राम बड़ी में फिर हुई तेंदुए की दस्तक, दो दिनों तीन मवेशियों का किया शिकार।
वन विभाग हिंसक जीवों को बस्ती क्षेत्र में आने से रोकने का कर रहे जतन।
सिंगोली। तहसील क्षेत्र के पर्वतीय श्रेणियों की तराई में बसे गांव ग्राम बड़ी में बुधवार अल सुबह एक बार फिर तेंदुए की दस्तक हुई है। तेंदुए ने बीते दो दिनों में तीन मवेशियों का शिकार किया।हालांकि वन विभाग द्वारा हिंसक जीवों को बस्ती क्षेत्र में आने से रोकने का भी जतन किया गया है।
बुधवार शाम करीब 6 बजे वनकर्मी सदाशिव धाकड़ ने बताया कि बुधवार अल सुबह 3 बजे के आसपास तेंदुए ने ग्राम बड़ी स्थित रामचंद्र पिता नोला बलाई के बाड़े में बंधे गाय के दो बछड़ों का शिकार किया है। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा उनके निर्देशानुसार मौका पंचनामा बनाकर, लोक सेवा केंद्र पर मुआवजा दिलवाने की कार्रवाई की गई है।जबकि ग्रामीणों को सुरक्षा के साथ मशाल जलाकर सामूहिक गश्त करने की भी सलाह दी गई है।
ग्रामीण जगदीश बलाई ने बताया कि घटना रात 1 बजे से 3 बजे के बीच की हो सकती है, जब लोग सोए हुए थे तब ही मवेशियों पर हिंसक जीव का हमला हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए ने कल रात भी एक गाय का शिकार किया था। इस तरह दो दिनों में तेंदुए ने तीन मवेशियों का शिकार कर लिया है।
बताया जाता है कि हिंसक जीव पानी की तलाश में बस्ती क्षेत्र की ओर आ जाते है, और मवेशियों की गंध का अहसास होने पर वे मवेशियों का शिकार करते है।हालांकि हिंसक जीवों को बस्ती क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने के लिए वन विभाग ने उनके लिए जंगल में पानी का प्रबंध भी किया है।