मुख्यमंत्री शर्मा ने किया राज्यभर में पचास कॉलेज का लोकार्पण
हमारे शिक्षा तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम: मंत्री मीणा
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को वर्चुअली पचास कॉलेजों का लोकार्पण किया, और नौ कॉलेज में नए कक्षा कक्ष का लोकार्पण भी किया, जिनमें प्रतापगढ़ में राजकीय महाविद्यालय पीपलखूंट, राजकीय कन्या महाविद्यालय प्रतापगढ़ और राजकीय महाविद्यालय धरियावद में विकास कार्य शामिल हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर डीओआईटी के वीसी कक्ष से वर्चुअली जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रिंसिपल बनवारी लाल मीणा, और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन महाविद्यालयों का लोकार्पण किया, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री मीणा ने फीता काट कर किया उद्घाटन
इस अवसर पर हेमंत मीणा, राजस्व और उपनिवेशन विभाग मंत्री ने राजकीय कन्या महाविद्यालय प्रतापगढ़ का उद्घाटन रिबन काटकर किया।
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने इस अवसर पर कहा, “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार हर व्यक्ति के विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इन नए महाविद्यालयों के उद्घाटन से शिक्षा के क्षेत्र में नये अवसर उत्पन्न होंगे, जो कि हमारी युवा पीढ़ी के विकास और समाज के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण हैं। यह हमारे शिक्षा तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मीणा ने सभी उपस्थितों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और सभी प्रयास किए जाएंगे ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके और हर बच्चे को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिल सके।

