जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी के निर्देशन में निकाला फ्लैग मार्च

सभी एंट्री एवं एक्जिट पॉइंट पर रखी जा रही सतत निगरानी
जिला कलक्टर और एसपी ने की छोटी सादड़ी के केसुंदा में इंटरटेट नाकाबंदी की चेकिंग
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर जिले में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था हेतु बॉर्डर चेक पोस्ट सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी नाकाबंदी की व्यवस्था जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम को जिला निर्वाचन अधिकारी एवम जिला कलक्टर अंजलि राजोरिया एवं जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्मणदास ने निरीक्षण कर केसुंदा छोटी सादड़ी में इंटरस्टेट नाकाबंदी की व्यवस्था का आकलन किया और मौके पर पहुंचकर स्वयं भी वाहनों की जांच की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क होकर जांच करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सुरक्षा जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाए। साथ ही आम नागरिकों से शालीनता पूर्वक व्यवहार करते हुए उनकी सुविधा का ध्यान रखें।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा की भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिले के एंट्री और एक्जिट पॉइंट्स की निगरानी की जा रही है।
फ्लैग मार्च निकालकर दिया निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश
मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए शुक्रवार को विभिन्न बलों और पुलिस के जवानों ने छोटीसादड़ी शहर में फ्लैग मार्च निकाला और मतदान दिवस पर निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने फ्लैग मार्च के दौरान मतदाताओं से वोट डालने, महिलाओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस व प्रशासन में विश्वास जताते हुए शांति व सौहार्द के माहौल की बात कही। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। चुनाव आयोग के सी-विजिल ऐप पर चुनाव में प्रतिबंधात्मक सामग्री का उपयोग एवं आचार संहिता सम्बंधी प्रकरणों की जानकारी आमजन दे सकते हैं। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी और भयमुक्त रूप से हो इसके लिए पुलिस द्वारा आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार सभी प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे है। उप पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा ने कहा की फ्लैग मार्च के माध्यम से मतदाताओं को निर्भीकता के साथ मतदान करने के लिए आश्वस्त किया जा रहा है। इस दौरान अधिकारी –कर्मचारी, विभिन्न बलों और पुलिस के जवान उपस्थित रहे।

