प्रतापगढ़

मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री ने 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये हस्तांतरित व जिले के 85 हजार से अधिक किसान लाभान्वित

प्रतापगढ़/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश के लिए अन्न उपजाने वाले किसान भाइयों को सशक्त बनाना हमारी डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान की समृद्धि से ही विकसित एवं खुशहाल राजस्थान का सपना साकार होगा। हमारी सरकार संकल्प पत्र के सभी वादों को पूरा कर रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा रविवार को टोंक की कृषि उपज मंडी में ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के राज्य स्तरीय शुभारम्भ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 6 हजार रुपये की राशि के साथ ही, 2 हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसी क्रम में आज राज्य सरकार की ओर से एक हजार रुपये की पहली किस्त के तौर पर 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये सीधे जमा किए गए हैं।

प्रधानमंत्री से मिली किसानों को सम्मान और संबल देने की प्रेरणा-
शर्मा ने कहा कि किसान भाइयों को सम्मान और संबल देने की प्रेरणा हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ लेते ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी की। इस योजना के माध्यम से हर वर्ष किसानों के खातों में 6 हजार रुपये जमा करवाए जा रहे हैं।

किसान कल्याण राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं। उनकी परेशानियों से मैं भली-भांति अवगत हूं। इसलिए हमारी सरकार किसान हितों की रक्षा में सदैव तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में गेहूं के 2275 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के ऊपर 125 रुपये का बोनस प्रदान कर 2400 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीद की गई है। प्रदेश में 10 हजार सौर ऊर्जा संयंत्रों, 41 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर तथा 44 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में स्प्रिंकलर संयंत्रों की स्थापना की गई है। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य के 47 हजार किसानों को कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं। किसानों को बिजली के बिलों में 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है। किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने तथा प्रदेश को बिजली सरप्लस राज्य बनाने के लिए 2.24 लाख करोड़ के एमओयू किए गए हैं। प्रदेश के 80 हजार से अधिक किसानों को 350 करोड़ रूपये का अल्पकालीन फसली ऋण मिला है तथा 21 कस्टम हायरिंग केन्द्रों की स्थापना की जा रही है।

केन्द्रीय योजनाओं से प्रदेश के किसान हो रहे लाभान्वित-
शर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 1 हजार 400 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम का वितरण किया गया तथा 9 हजार पीएम किसान समृद्धि केंद्र स्थापित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सहकारी क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी विकेन्द्रीकृत अनाज भंडारण योजना चलाई जा रही है।

जिले के 85 हजार किसान लाभान्वित

इसी तरह से जिला स्तरीय समारोह जिला कलक्टर डॉ अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय प्रतापगढ़ के ऑडिटोरियम में रविवार को आयोजित हुआ।
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य स्तरीय समारोह में 65 लाख व
जिला स्तरीय समारोह में प्रतापगढ़ जिले के 85 हजार किसान लाभान्वित हुए।

जिला कलेक्टर ने किसानों से किया संवाद व किसानो ने भी अपने अनुभव साझा किया
जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के समारोह में विभिन्न गांवों व ब्लॉक से उपस्थित किसानों से संवाद किया और उन्होंने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी। उन्होंने सभी पात्र किसानों को प्रोत्साहित किया एवं जैविक खेती का प्रयोग करने व जो जैविक खेती को बढ़ावा देने की जानकारी सभी के सामने साझा किया गया ताकि सभी को फायदा मिल सके। किसानों ने इस अवसर पर अपने अनुभवो को साझा भी किया। किसानों ने अफीम अजवाइन के विभिन्न फायदे के बारे में भी जानकारी दी।

जिला कलक्टर ने मौके पर की किसानों की समस्याओ का किया निस्तारण
जिला कलेक्टर ने मौके पर ही किसान सम्मान निधि योजना में आ रही कठिनाइयों की जानकारी लेकर मौके पर ही अधिकारियों से समन्वय बनाकर निस्तारण किया। उन्होंने किसानों को आस्वस्त कर मौके पर ही किसान सम्मान निधि योजना की समस्याओं का निदान किया। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि प्राप्त करने व उनकी समस्याओं का निस्तारण होने पर मुख्यमंत्री व जिला कलक्टर का आभार व्यक्त किया।

प्रतापगढ़ जिला राज्य में प्रथम स्थान पर

जिला कलक्टर ने बताया कि प्रतापगढ़ जिला भूमि वाले पात्र किसानों की संख्या, भूमि विवरण, बीजित विवरण, एबीपीएस तैयार और ईकेवाईसी पूर्ण करने तथा बैंक-आधार लिंकिंग का कार्य पूरा करने में जिला राज्य के सभी जिलों में प्रथम स्थान पर है जो कि 98.04% उपलब्धि हासिल की है।

जिला स्तरीय समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर विनय कुमार, जिला रसद अधिकारी विनय कुमार शर्मा जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिले के बडी संख्या में पात्र किसानो ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button