प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ नगर परिषद में 2018 की सफाई कर्मी भर्ती पर जांच दस्तावेजों में पाई गई गंभीर अनियमितताएं अतिरिक्त कलेक्टर ने दिया नोटिस
2018 की सफाई कर्मी भर्ती पर जांच दस्तावेजों में पाई गई गंभीर अनियमितताएं दिया नोटिस
प्रतापगढ़। नगर परिषद प्रतापगढ़ में वर्ष 2018 में की गई सफाई कर्मियों की भर्ती में अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त होने पर जिला कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया द्वारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित कर जांच करवाई गई।
जांच समिति द्वारा तत्कालीन भर्ती किए गएसफाई कर्मियों की पत्रावलियां नगर परिषद से मंगवाकर उनके संलग्न दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान दस्तावेजों मे गंभीर अनियमितताएं एवं कमियां पाई गईं।
दस्तावेज जांच में पाया गया कि अधिकांश सफाई कर्मियों के अनुभव प्रमाण पत्र कुछ चिन्हित फर्मों द्वारा जारी किए गए हैं, जिनका कोई स्थायी पता दर्ज नहीं है। कई अनुभव प्रमाण पत्र एक ही समयावधि में तैयार किए गए पाए गए। उक्त अनुभव प्रमाण पत्रों में यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित अवधि में सफाई कर्मियों द्वारा किस स्थान पर एवं किस प्रकार का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त कुछ आवेदकों द्वारा संलग्न चरित्र प्रमाण पत्र तत्समय के छह माह की अवधि के नहीं होकर वर्ष 2012 में जारी पाए गए। कुछ आवेदकों के पास विशेष मूल निवास प्रमाण पत्र नहीं होने के बावजूद उनके आवेदन स्वीकार किए गए। वहीं संतान संबंधी शपथ पत्र भी निर्धारित प्रारूप के अनुरूप नहीं पाए गए।
जांच अधिकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर पंड्या ने बताया कि जिन सफाई कर्मियों के दस्तावेजों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। प्राप्त स्पष्टीकरणों के पश्चात जांच रिपोर्ट जिला कलेक्टर को प्रस्तुत की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में नगर परिषद प्रतापगढ़ में लॉटरी के माध्यम से 33 सफाई कर्मियों की भर्ती की गई थी, जिनमें से एक सफाई कर्मी के विरुद्ध शिकायत सही पाए जाने पर पूर्व में ही निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुछ अभ्यर्थियों द्वारा अपने आपराधिक रिकॉर्ड को छुपाते हुए पुलिस चरित्र सत्यापन प्रस्तुत किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि अनिकेत राठौर अभ्यर्थी ने अपने पैतृक निवास स्थान जावद (मध्य प्रदेश) में दर्ज आपराधिक प्रकरण को नियुक्ति आवेदन के समय छुपाकर नियुक्ति प्राप्त की। सफाई कर्मचारी अनिकेत राठौर द्वारा पद की गरिमा के विपरीत आचरण करते हुए सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने जैसी गतिविधियों के कारण पूर्व में ही संबंधित विभागीय एवं कानूनी कार्यवाही प्रस्तावित कर उसकी सेवा समाप्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
साथ ही सफाई कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने वाली संस्थाओं/फर्मों की भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

